रायपुर, 21 फरवरी 2026।रायपुरा स्थित विप्र नगर में निर्माणाधीन महतारी सदन एवं योग भवन का कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य इस तरह किया जाए कि लोग सालों-साल तक इसकी गुणवत्ता और उत्कृष्टता को याद रखें। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, संरचनात्मक मजबूती एवं कार्य की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त ने टाटीबंध स्थित नवनिर्मित महतारी सदन सह आंगनबाड़ी केन्द्र, जोन-08 का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, बच्चों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा केन्द्र के सुव्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए।
यहां बच्चों के लिए विशेष किड जोन विकसित किए गए हैं, जहां वे पढ़ाई के साथ-साथ पारंपरिक एवं अन्य खेल गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में इस अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त केन्द्र का शुभारंभ किया गया था, जो जिले का एक मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्र माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, ट्रैफिक डीसीपी विकास कुमार, एडीसीपी विवेक शुक्ला, एसीपी गुरजीत सिंह, सतीश ठाकुर एवं एसडीएम नन्दकुमार चौबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










