महासमुंद में फर्जी NOC से 23.35 टन खैर (कत्था) लकड़ी के अवैध परिवहन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के घर से 81 लाख रुपए कैश बरामद किए हैं।
यह रकम सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के मुड़पार गांव स्थित मकान से मिली। पुलिस ने रकम जब्त कर ली है और अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए कुर्की की कार्रवाई कर रही है।
23,350 किलो खैर लकड़ी का अवैध परिवहन
पुलिस के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा के आवेदन पर 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि इस दौरान फर्जी एनटीपीएस एनओसी तैयार कर उसे असली दस्तावेज की तरह इस्तेमाल किया गया। मामले में पिथौरा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के मुड़पार स्थित मकान की तलाशी के लिए कोर्ट से सर्च वारंट लिया।
थैले में मिलीं 162 गड्डियां
पुलिस टीम ने 7 सितंबर 2026 को मुड़पार गांव स्थित मकान में तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान मकान के केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में एक थैला बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, थैले में 500 रुपए के नोटों की 162 गड्डियां थीं।
इन गड्डियों में कुल 16,200 नोट मिले, जिनकी कुल कीमत 81 लाख रुपए आंकी गई। पुलिस ने मौके पर ही पूरी रकम जब्त कर ली।
कई धाराओं में दर्ज है अपराध
पुलिस के अनुसार, मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 3(5), 111, 25 आर्म्स एक्ट और भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 42(1), सहपठित धारा 41(2)(ख)(घ) और धारा 52(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
अपराध की कमाई मानकर कुर्की की तैयारी
पुलिस के मुताबिक, जब्त 81 लाख रुपए को अपराध से अर्जित संपत्ति माना जा रहा है। रकम की कुर्की के लिए BNSS की धारा 107 के तहत कोर्ट में आवेदन दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कुर्की के बाद आरोपी इस रकम का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।














