बिलासपुर में 3 दिन से लापता किन्नर की लाश तालाब में मिली है। शहर में इससे पहले भी किन्नर की हत्या हो चुकी है। ऐसे में किन्नर समुदाय ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। शव करीब 72 घंटे पुराना होने के कारण डिकंपोज होना शुरू हो गया था, जिससे चोट के निशान भी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। दरअसल, मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली की ग्राम पेंडारी स्थित मुरुम खदान से बने तालाब में मंगलवार को एक युवक की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तब तक वहां लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान किन्नर सागर पासी उर्फ शैगी (28) के रूप में हुई।
दोस्त के साथ गया था कोरी डैम
पुलिस की जांच और पूछताछ में पता चला है कि सागर रविवार सुबह स्कूटी लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह एक साथी के साथ कोटा के कोरी डैम पहुंचा, जहां दोनों ने शराब पी। लौटते समय गनियारी से दोबारा शराब खरीदी और पेंडारी तालाब के पास बैठकर रात करीब 9 बजे तक शराब पीते रहे।
कार सवार दो युवकों से हुई आखिरी बातचीत
शुरुआती जांच में सामने आया है कि तालाब के पास कार सवार दो युवक पहुंचे थे और उन्होंने सागर से सिगरेट मांगी। सागर उनके पास जाकर उनसे बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद उसने मोबाइल बंद होने की बात कहते हुए अपना मोबाइल और स्कूटी साथी को दे दी और उससे घर जाने के लिए कहा। इसके बाद सागर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
किन्नरों के साथ रहता था सागर
मन्नू चौक निवासी सागर पासी उर्फ शैगी साल 2019 से किन्नर समुदाय के साथ रह रहा था। इससे पहले भी सकरी क्षेत्र में किन्नर की हत्या हो चुकी है। इसके अलावा किन्नरों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद भी चल रहा है। सागर तीन दिन से लापता था। ऐसे में किन्नर समुदाय ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
पीएम और कार सवार युवकों से पूछताछ से खुलेगा राज
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि शव करीब 72 घंटे पुराना है और पानी में पड़े रहने के कारण डिकंपोज हो चुका है। ऐसे में शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस हत्या और हादसा, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
पीएम रिपोर्ट और कार सवार युवकों से पूछताछ के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच के साथ घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।















