भिलाई में यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के बीच घमासान चल रहा है। इसी बीच दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी अमन सिंह के एक डिलीवरी बॉय के कपड़े उतारकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो नेहरू नगर का बताया जा रहा है, जिसमें यूथ कांग्रेस नेताऔर उनके साथी पिज्जा डिलीवरी बॉय को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता भी नजर आ रहा है, लेकिन इसके बाद भी उसे थप्पड़ और मुक्के से मारा गया।
मामला 29 अगस्त की रात का है। मामले में पिज्जा डिलीवरी बॉय ने राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। बता दें कि अमन सिंह अहिवारा के रहने वाले हैं और पहले अहिवारा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
शिकायत के मुताबिक, डिलीवरी बॉय स्टील कॉलोनी कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा पहुंचाने गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन दो बाइक से जाते मिले।
उन्होंने ने डिलीवरी बॉय देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। करीब 2.30 बजे डिलीवरी बॉय कैश जमा करने के लिए रुका। इसी दौरान चारों युवक वहां पहुंच गए। उसने गाली देने का कारण पूछा तो विवाद बढ़ गया।आरोप है कि चारों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे दोस्तों के साथ भी मारपीट
इसके बाद डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्तों मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन कर बुलाया। दोनों ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। डर के कारण वे डोमिनोज चले गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
इसी दौरान एक युवक के हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर में चोट लगने का आरोप है। घटना के कुछ देर बाद नितिन का भाई अमन सिंह भी वहां पहुंचा। अमन सिंह ने भी गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। इस घटना का पूरा वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब वायरल हो रहा है।
पहले भी यूथ कांग्रेस चुनाव विवाद का सामने आया था वीडियो
भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर चार दिन पहले यानी 5 सिंतबर को भी एक वीडियो खुर्सीपार से निकलकर सामने आया था। जहां चुनाव प्रचार के सिलसिले में पहुंचे दो पक्षों के युवाओं के बीच पहले किसी बात को लेकर बहस हुई। इसके बाद मामला धक्का-मुक्की और झूमाझटकी तक पहुंच गया। विवाद बढ़ता देख पुलिस को मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करना पड़ा।
इस दौरान वीडियो में एक युवक कांग्रेस पार्षद सुभ्रदा सिंह के बारे में गुंडागर्दी करने की बात कहता हुआ सुना जा सकता है। इस मामले में भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस पार्षद सुभ्रदा सिंह के बेटे रॉबिन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। बेटे रॉबिन सिंह के चुनाव प्रचार के सिलसिले में पार्षद सुभ्रदा सिंह अपने दूसरे बेटे रोहन सिंह के साथ खुर्सीपार पहुंची थीं।
यहां पहले से मौजूद दूसरे गुट की ओर से भिलाई नगर विधानसभा प्रत्याशी अर्जुन शर्मा अपने भाई शुभम शर्मा के साथ मौजूद थे। इस दौरान शुभम शर्मा और रोहन सिंह के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

















