छत्तीसगढ़ के 570 करोड़ रुपए के कथित कोल लेवी घोटाले में EOW आज (5 अक्टूबर) रायपुर की स्पेशल कोर्ट में अंतिम आरोप पत्र पेश करेगी। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत 9 आरोपी कोर्ट पहुंचे हैं। देवेंद्र ने कहा कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया और संविधान पर पूरा भरोसा है, उनकी आवाज कोई दबा नहीं सकता।
देवेंद्र यादव ने कहा कि आम जनता जैसा हाल विपक्ष का है, प्रदेश में कुशासन है और सरकार उद्योगपतियों के सामने गिरवी रखी है। चिंतामणि महाराज को लेकर यादव ने कहा कि बीजेपी में शामिल होने के बाद लोग बरी हो जाते हैं।
उन्होंने बीजेपी पर जबरदस्ती फंसाने और डराने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं राहुल गांधी का सिपाही हूं, हर मोर्चे पर खड़ा रहूंगा। जेल की दीवारें मेरा इरादा नहीं तोड़ पाईं तो सरकार क्या तोड़ पाएगी।
इनमें पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, रामगोपाल अग्रवाल, IAS जयप्रकाश मौर्य और दीपेश टांक समेत 9 आरोपी शामिल हैं। पूर्व विधायक चंद्रदेव राय और कांग्रेस नेता विनोद तिवारी भी कोर्ट पहुंच चुके हैं। EOW का दावा है कि कोल लेवी से नेताओं को 65 करोड़ और अफसरों को 36 करोड़ रुपए से ज्यादा मिले।जांच में अब तक 170 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति जब्त की जा चुकी है। एजेंसी का दावा है कि IAS जयप्रकाश मौर्य ने प्रॉपर्टी, विधायक देवेंद्र यादव ने चुनाव और पूर्व विधायक चंद्रदेव राय ने ज्वेलरी में करोड़ों रुपए खर्च किए। FIR में नामजद आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए सबूतों के आधार पर कोर्ट में अंतिम आरोप पत्र पेश किया जाएगा।













