दिल्ली में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के घर चाय पर मीटिंग के लिए इंडिया ब्लॉक के नेता पहुंच गए हैं। मीटिंग में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन और SIR के विरोध को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा होगी। राहुल ने X पर पोस्ट कर लिखा कि चाय के बाद सभी नेता मिलकर मीडिया के सामने अपनी बात रखेंगे।
मीटिंग को लेकर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने बताया कि इंडिया ब्लॉक के सहयोगी और सिविल सोसाइटी के सदस्य भी इस मीटिंग में शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा- आगे की क्या रणनीति होगी, यह राहुल गांधी ही बता सकते हैं।
विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के विरोध में 6, 7, 8, 9 और 12 अक्टूबर को प्रदर्शन किए। यानी 7 दिन में 5 बार प्रदर्शन हो चुके हैं। सोमवार को विपक्षी नेताओं ने बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला। इसमें राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव समेत 11 पार्टियों के नेता शामिल हुए। विपक्षी सांसदों ने SIR के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की।

















