छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लूट की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार 3 युवकों ने ट्रेलर चालक से मोबाइल और 3 हजार रुपए लूट लिए। वहीं, एक बाइक चालक से 64 हजार रुपए का आईफोन छीनकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में बिहार के महेशडीह गांव के रहने वाले रंजित कुमार सिंह (33) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह ट्रेलर चलाने का काम करता है। पिछले 15 दिनों से वह खरसिया निवासी ट्रांसपोर्टर अंकित अग्रवाल का ट्रेलर चला रहा था।
रंजित ने बताया कि 16 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे वह फील कोल वाशरी, नवापारा टेंडा से ट्रेलर में कोयला लोड कर इंडोग्रो कंपनी में खाली करने जा रहा था। उसका साथी चालक रामाशंकर पासवान भी अपने ट्रेलर में कोयला लोड कर आगे चल रहा था।
रात करीब 2 बजे घरघोड़ा-छाल रोड पर बोरपारा के पास उसने देखा कि काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार 3 युवक उसका पीछा कर रहे हैं। डर के कारण उसने ट्रेलर की रफ्तार बढ़ा दी और फोन कर अपने साथी चालक को इसकी जानकारी दी।
रास्ता रोककर मांगे 5 हजार रुपए
रंजित के मुताबिक, घरघोड़ा बाइपास पर हनुमान ईंट भट्ठे के सामने तीनों युवकों ने ओवरटेक कर बाइक ट्रेलर के सामने अड़ा दी। ट्रेलर रोकने पर दो युवक दोनों ओर से केबिन में चढ़ गए। उन्होंने चाकू दिखाकर उसे डराया और बेल्ट से मारपीट की।
इसके बाद गाली-गलौज करते हुए 5 हजार रुपए मांगे। रंजित ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी उसका मोबाइल और वाहन खर्च के लिए रखे 3 हजार रुपए लूटकर भाग गए।
शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने रंजित को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद उसने वाहन मालिक को जानकारी दी और ट्रेलर खाली कराने चला गया। बाद में रविवार को उसने घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार से 64 हजार का आईफोन छीना
लूट की दूसरी घटना भी घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है। टेरम निवासी सूरज राठिया (24) ने पुलिस को बताया कि वह रात में बाइक से घर जा रहा था। रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ रोड पर बंगाली ढाबे के सामने काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार 3 युवक पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया।
इसके बाद बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उसका 64 हजार रुपए का आईफोन छीन लिया। तीनों आरोपी रायगढ़ रोड की तरफ भाग गए।
अगले दिन थाने पहुंचकर दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद सूरज डर के कारण घर चला गया। अगले दिन उसने आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात 3 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।













