Advertisement

दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में 32 बंगला चौक के पास 18 अक्टूबर की रात तेज रफ्तार पल्सर बाइक की टक्कर से 56 साल के सब्जी विक्रेता बसंत पगारे की मौत

दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में 32 बंगला चौक के पास 18 अक्टूबर की रात तेज रफ्तार पल्सर बाइक की टक्कर से 56 साल के सब्जी विक्रेता बसंत पगारे की मौत हो गई। हादसे में उनके दो साथी विनोद सागर (36) और राजेंद्र ध्रुव (46) घायल हो गए।

टक्कर मारने वाला पल्सर सवार भी चोटिल हुआ। सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बसंत की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूटी को बचाने की कोशिश में बाइक से टकराया

घटना रात करीब 9 बजे की है। बसंत अपने मित्र विनोद सागर और राजेंद्र ध्रुव के साथ सीटी 100 बाइक (CG07 LB 9389) से घर लौट रहे थे। तभी पल्सर बाइक (CG07 BL 3209) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पल्सर सवार ने पहले एक स्कूटी को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी बाइक सीटी 100 से टकरा गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। बसंत के सिर में गंभीर चोटें आईं।

बेटे और उसके दोस्तों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

बसंत के बेटे भोला पगारे और उनके दोस्तों ने अपने पिता, उनके घायल साथियों और पल्सर सवार को अस्पताल पहुंचाया। घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान बसंत की मौत हो गई। उनके दोनों घायल साथियों में से एक को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। पल्सर सवार का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Gemini_Generated_Image_fohysbfohysbfohy
WhatsApp-Image-2026-03-12-at-6.48.17-PM-1-298x300 (1)
sjjj
WhatsApp Image 2026-09-30 at 04.12.35 (2)

प्रत्यक्षदर्शी बोला- लोग वीडियो बनाते रहे, मदद को आगे नहीं आए

मृतक के बेटे के दोस्त और प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो बसंत की हालत बेहद गंभीर थी। हादसे का दृश्य इतना दर्दनाक था कि उन्होंने भोला को तत्काल पिता के पास जाने से रोका। इसके बाद दोस्तों ने ऑटो की मदद से घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, घटनास्थल पर मौजूद कई लोग वीडियो बनाने में व्यस्त थे। कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि आज उनके परिचित के साथ ऐसा हुआ है, कल किसी और के साथ भी ऐसी घटना हो सकती है।

सब्जी बेचकर चलाते थे परिवार, बेटा लगाता है फास्ट फूड का ठेला

बसंत पगारे सब्जी बेचकर परिवार का गुजारा करते थे। उनके परिवार में एक बेटा भोला पगारे और एक बेटी है। उनका बेटा भिलाई में फास्ट फूड का ठेला लगाता है। बसंत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद भिलाई नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बसंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग की मर्चुरी भेजा गया है। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त दोनों बाइक थाने में रखवाई गई हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और पल्सर सवार की भूमिका की जांच कर रही है।

Festive Hindi Greeting News Banner
WhatsApp Image 2026-10-16 at 21.37.34 (1)
WhatsApp Image 2026-10-18 at 17.22.08
WhatsApp Image 2026-10-16 at 12.30.57