Advertisement

धमतरी के मराठापारा और बांसपारा में आधी रात लाठी-डंडे लेकर घूमने वाले नकाबपोश युवकों पर मराठा समाज का गुस्सा जारी

धमतरी के मराठापारा और बांसपारा में आधी रात लाठी-डंडे लेकर घूमने वाले नकाबपोश युवकों पर मराठा समाज का गुस्सा जारी है। पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देने के बाद शुक्रवार को समाज के महिला-पुरुष और पदाधिकारी बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंचे।

उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने समाज की ओर से दिए गए आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में 7 युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

24 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने पर दोबारा पहुंचे थाने

घटना के विरोध में गुरुवार को मराठा समाज के लोगों ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि कार्रवाई नहीं होने पर धमतरी में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

शुक्रवार को समय पूरा होने पर समाज के लोग फिर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और मामले में शामिल सभी लोगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

चेहरे ढंककर लाठी-डंडे लेकर घूम रहे थे 20 से 22 युवक

मराठा समाज के मुताबिक, 21 और 22 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 20 से 22 युवक चेहरे पर गमछा और स्कार्फ बांधकर मराठापारा और बांसपारा की गलियों में घूम रहे थे। उनके हाथों में लाठी-डंडे और हथियार थे। आरोप है कि युवक गाली-गलौज कर रहे थे और मोहल्ले में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

Gemini_Generated_Image_fohysbfohysbfohy
WhatsApp-Image-2026-03-12-at-6.48.17-PM-1-298x300 (1)
sjjj
WhatsApp Image 2026-09-30 at 04.12.35 (2)

समाज ने कहा- कोई सामने आ जाता तो हो सकती थी अनहोनी

मराठा समाज के अध्यक्ष दीपक लोंढे ने बताया कि गुरुवार को सीएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था। समाज ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। समय पूरा होने के बाद शुक्रवार को फिर थाने पहुंचकर कार्रवाई की जानकारी ली गई।

उन्होंने कहा कि रात के समय 20 से 22 युवक चेहरे ढंककर लाठी-डंडों और हथियारों के साथ मोहल्ले में घूम रहे थे। अगर उस दौरान कोई उनके सामने आ जाता तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। समाज ने पुलिस से सभी युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने 7 युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया

सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि मराठा समाज के पदाधिकारी और सदस्य शुक्रवार शाम कोतवाली थाने पहुंचे थे। उन्होंने गुरुवार को दिए गए ज्ञापन पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। पुलिस ने उन्हें अब तक की कार्रवाई के बारे में बताया।

सीएसपी के मुताबिक, शुक्रवार को समाज की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में 7 युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच में उनकी संलिप्तता सामने आने पर गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस को मामले में कुछ अन्य लोगों के नाम भी मिले हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपियों का पता लगाने के लिए मुखबिरों की मदद ली जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में कुछ आरोपियों के नाबालिग होने की जानकारी भी सामने आई है। सभी की पहचान और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Festive Hindi Greeting News Banner
WhatsApp Image 2026-10-16 at 21.37.34 (1)
WhatsApp Image 2026-10-18 at 17.22.08
WhatsApp Image 2026-10-16 at 12.30.57