गरियाबंद | 30 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: तिथि में हुआ बदलाव, अब 8 मई को परिणय सूत्र में बंधेंगे जोड़े
गरियाबंद: जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय ने जानकारी दी है कि जिले में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन किया गया है। राज्य शासन की मंशानुरूप, जो आयोजन पहले 3 मई 2026 को प्रस्तावित था, वह अब 8 मई 2026 को संपन्न होगा।
नई समय-सीमा: सामूहिक विवाह के लिए इच्छुक जोड़े अब 7 मई 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
सभी परियोजनाओं में होगा आयोजन
मुख्यमंत्री कन्या विवाह का आयोजन जिले की सभी परियोजनाओं द्वारा निर्धारित स्थलों पर अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। इसका उद्देश्य निर्धन परिवारों की कन्याओं का सम्मानजनक विवाह संपन्न कराना है।
पंजीयन की प्रक्रिया
जो अभिभावक अपने विवाह योग्य युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह इस योजना के तहत कराना चाहते हैं, वे संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों या संबंधित परियोजना कार्यालय में जाकर संपर्क कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 7 मई निर्धारित है।
जिला प्रशासन ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक पात्र और निर्धन परिवारों की कन्याओं को इस योजना का लाभ मिल सके।









