बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा मध्य प्रदेश में आज मनाया जाएगा। इंदौर में 121, भोपाल में 105 और उज्जैन में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। प्रदेश के कई शहरों में बारिश का अलर्ट है। इसे देखते हुए दशहरा उत्सव समितियों ने पुतलों को बचाने के लिए खास इंतजाम किए हैं।
वहीं उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी चांदी की पालकी में दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां शमी वृक्ष का पूजन होगा। सवारी मार्ग पर 1 लाख वर्गफीट में रंगोली बनाई जाएगी और ड्रोन से पालकी पर 500 किलो फूल बरसाए जाएंगे।
उधर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) आज दशहरे के मौके पर एमपी के सभी जिलों में रावण की जगह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाएगी।













