मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी आंधी-बारिश का दौर जारी है। पश्चिमी हिस्से में 7 दिन से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को इंदौर संभाग के आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इसका असर 2 से 3 दिन बाद प्रदेश में दिख सकता है। फिलहाल साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आंधी-बारिश हो रही है। गुरुवार को इंदौर, धार समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। भोपाल में दिनभर तेज धूप रही, जबकि शाम को बादल छा गए।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से नीचे
आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। रात का पारा 2 से 3 डिग्री तक लुढ़कने का अनुमान है। बीती रात इस सीजन में पहली बार प्रदेश में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से नीचे पहुंचा।













