धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती: जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ा बलरामपुर
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम से आज बलरामपुर जिला भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस सीधे प्रसारण में जिले के प्रमुख अधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना।
इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रमुख अधिकारियों और नागरिकों में श्री भानु प्रकाश दीक्षित, श्री कृष्णा गुप्ता, श्री दिलीप सोनी, श्री दीनानाथ यादव, श्री गोपाल कृष्ण मिश्र, श्री छोटेलाल यादव, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल तथा आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त सुश्री समीक्षा जायसवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री द्वारा विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग 3 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से देशभर के जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक अधोसंरचना को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी, जिससे जनजातीय बहुल बलरामपुर जिले को भी विशेष लाभ पहुंचेगा।
उल्लेखनीय है कि यह गरिमामयी आयोजन गत 1 से 15 नवंबर तक मनाए गए ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ का समापन समारोह रहा। इसी क्रम में, आगामी कड़ी के रूप में कल 16 नवंबर को हाई स्कूल मैदान बलरामपुर में प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में भव्य जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा।














