Advertisement

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री आबे को गोली मारी गयी, गंभीर रूप से घायल

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री आबे को गोली मारी गयी, गंभीर रूप से घायल

तोक्यो, आठ जुलाई (एपी) जापान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं कट्टर रूढ़िवादी नेता शिंजो आबे पर देश के पश्चिमी हिस्से में चुनाव प्रचार के एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान शुक्रवार को गोली चलायी गयी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 67 वर्षीय आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उस समय उनकी सांस नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक गयी थी।

पुलिस ने घटनास्थल से संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।

दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में यह हमला हैरान करने वाला है। जापान में बंदूक नियंत्रण के सख्त कानून लागू हैं।

प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री आबे की ‘‘हालत गंभीर’’ है। उन्होंने आबे के ठीक होने की उम्मीद जतायी। किशिदा ने इस हमले को ‘‘कायराना और बर्बर’’ बताया और कहा कि चुनावी अभियान के दौरान हुआ यह अपराध पूरी तरह अक्षम्य है।

घटना के बाद किशिदा और उनके कैबिनेट मंत्री देशभर में अन्य प्रचार अभियानों को बीच में रोक कर तोक्यो लौट आए हैं।

किशिदा ने यामगाता से हेलीकॉप्टर से लौटने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि आबे का उत्कृष्ट उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल से पूर्व प्रधानमंत्री के ठीक होने की दुआ कर रहा हूं।’’

स्थानीय दमकल विभाग के अधिकारी मकोतो मोरिमोतो ने बताया कि जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे आबे को अस्पताल ले जाते वक्त दिल का दौरा पड़ा था।

सरकारी प्रसारणकर्ता एनएचके ने घटना का एक फुटेज प्रसारित किया है जिसमें नारा में एक मुख्य ट्रेन स्टेशन के बाहर आबे को भाषण देते हुए देखा जा सकता है। जब गोली चलने की आवाज सुनी गयी तो आबे खड़े थे, उन्होंने गहरे नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे और अपनी मुठ्ठी उठा रहे थे।

इसके बाद फुटेज में आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा गया और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भाग रहे थे। उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था और उनकी कमीज पर खून लगा हुआ था।

फुटेज में नजर आता है कि इसके अगले क्षण ही सुरक्षाकर्मी भूरे रंग की कमीज पहने एक व्यक्ति को दबोच लेते हैं। जमीन पर एक बंदूक गिरी हुई दिखायी देती है।

Gemini_Generated_Image_fohysbfohysbfohy
WhatsApp-Image-2026-03-12-at-6.48.17-PM-1-298x300 (1)
sjjj

नारा की पुलिस ने हत्या की कोशिश के लिए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की और उसकी पहचान तेत्सुया यामागामी (41) के तौर पर की। एनएचके ने बताया कि संदिग्ध 2000 में तीन साल के लिए समुद्री आत्म-रक्षा बल में सेवाएं दे चुका है।

एक अन्य फुटेज में चुनाव प्रचार अधिकारियों को अपने लोकप्रिय नेता के आसपास इकट्ठा होते देखा जा सकता है। आबे सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी में अब भी प्रभावशाली नेता हैं और वह उसके सबसे बड़े धड़े सेइवकाई का नेतृत्व करते हैं। जापानी संसद के ऊपरी सदन के लिए मतदान रविवार को होना है।

जापान के मुख्य कैबिनेट मंत्री हिरोकाजू मात्सुनो ने कहा, ‘‘इस तरह का बर्बर कृत्य पूरी तरह अक्षम्य है, चाहे इसकी कुछ भी वजह हो… और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।’’

घटना को लेकर ‘योमियुरी शिम्बुन’ अखबार ने अतिरिक्त संस्करण छापे, जिसे लोगों ने गोलीबारी के बारे में पढ़ने के लिए हाथोंहाथ ले लिया।

कभी जापान की राजधानी रहा नारा देश के मुख्य होंशू द्वीप पर ओसाका के पूर्व में स्थित है।

आबे ने 2020 में यह कहते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था कि उनकी एक पुरानी बीमारी फिर से उभर आयी है।

उन्होंने उस समय पत्रकारों से कहा था कि अपने कई लक्ष्यों को अधूरा छोड़ना उनके लिए ‘‘परेशान करने वाली बात’’ है। उन्होंने वर्षों पहले उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के मुद्दे, रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद और जापान के युद्ध त्यागने वाले संविधान के संशोधन के मुद्दों को हल करने में अपनी नाकामी की बात की थी।

कई विदेशी अधिकारियों ने इस घटना पर दुख जताया है।

इंडोनेशिया के बाली में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने गए, अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा, ‘‘हमारी दुआएं उनके (आबे के), उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।’’

जापान में अमेरिका के राजदूत रैम एमैनुअल ने आबे को गोली मारे जाने की घटना पर दुख और हैरानी जतायी। उन्होंने कहा, ‘‘आबे जापान के एक उत्कृष्ट नेता और अमेरिका के मजबूत सहयोगी रहे हैं। अमेरिकी सरकार और लोग आबे, उनके परिवार और जापान के लोगों की कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।’’

file_0000000093d882119d122d54d9d757b5
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.12.06
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.38
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.39 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.40
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.40 (1)
WhatsApp-Image-2026-08-15-at-00.21.47