तुर्कमान गेट स्थित फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध निर्माण पर MCD का बुलडोज़र एक्शन, तनाव का माहौल
नई दिल्ली, 07 जनवरी 2026।दिल्ली में नगर निगम (MCD) और दिल्ली पुलिस ने आधी रात को बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए तुर्कमान गेट, रामलीला मैदान के पास स्थित फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद के आसपास अवैध निर्माण पर बुलडोज़र चलाया है। इस कार्रवाई में 17 बुलडोज़रों को तैनात किया गया।
कार्रवाई के दौरान इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। अवैध निर्माण हटाने के विरोध में स्थानीय लोगों द्वारा प्रदर्शन किया गया, जो बाद में पथराव में बदल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
एहतियातन इलाके की सभी प्रमुख सड़कों को सील कर दिया गया है। वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता के लिए ट्रैफिक डायवर्जन जारी किया है और लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।










