डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने मिस्र को 3-2 से हराकर फुटबॉल वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को अटलांटा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना 78वें मिनट तक 0-2 से पीछे थी।
यहां से रोमेरो (79वें मिनट), मेसी (83वें मिनट) और फर्नांडीज (इंजरी टाइम के तीसरे मिनट) ने 13 मिनट में 3 गोल कर टीम को जीत दिला दी। वर्ल्ड कप इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब अर्जेंटीना की टीम दो गोल से पिछड़ने के बाद जीती है।
मेसी ने इस टूर्नामेंट में 8वां गोल किया। वे सबसे ज्यादा गोल के साथ गोल्डन बूट की रेस में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। जीत के बाद मेसी मैदान पर ही फूट-फूटकर रोने लगे। अर्जेंटीना का सामना 12 जुलाई को स्विट्जरलैंड से होगा। इसी के साथ क्वार्टर फाइनल की 8 टीमें तय हो गई हैं।











