दुबई में रहने वाले लक्ष्मणन मेय्यप्पन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दुनिया के सबसे कम उम्र के पुरुष चार्टर्ड अकाउंटेंट का दर्जा दिया है। उन्होंने महज 16 साल और 141 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।
मां ने दी अकाउंटिंग की जानकारी
लक्ष्मणन मेय्यप्पन की अकाउंटिंग में दिलचस्पी कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान बढ़ी। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने फाइनेंस और अकाउंटिंग की पढ़ाई को गंभीरता से लेना शुरू किया। उनकी मां खुद ACCA हैं और उन्होंने लॉकडाउन के दौरान मेय्यप्पन को अकाउंटिंग की शुरुआती जानकारी दी।
केवल 15 साल की उम्र में इस प्रोफेशनल योग्यता की तैयारी शुरू की और लगभग एक साल में इसे पूरा कर लिया। ACCA पूरा करने के बाद उन्होंने पढ़ाई रोकने के बजाय फाइनेंस में और आगे बढ़ने का फैसला किया और CFA प्रोग्राम पूरा कर लिया। वे सितंबर 2025 में CFA इंस्टीट्यूट चार्टर होल्डर बने।

















