यश की फिल्म ‘टक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में शनिवार को हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में हादसा हो गया। भारी साउंड-बॉक्स सेटअप गिरने से दो छात्र घायल हो गए, जबकि एक लड़की बेहोश हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे के समय यश मंच पर मौजूद थे।
आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोग साउंड बॉक्स को सहारा देने वाले पोल पर चढ़ गए थे। इसी दौरान भारी सेटअप अचानक नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल छात्रों को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। इवेंट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं और कुछ लोग घायल छात्रों को एम्बुलेंस की ओर ले जाते दिख रहे हैं।












