राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म्स में 26 और 27 सितंबर को मेमन समाज का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। हालाई मेमन जमात की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के समाज के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार रात होटल वेनिंगटन कोर्ट में बैठक हुई। इसमें आयोजन की व्यवस्थाओं और अलग-अलग जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। यंग मेमन, मोहल्ला समिति, मेमन लेडीज विंग और मेमन फेमिनाज़ से जुड़े सदस्य भी आयोजन में सहयोग करेंगे।
बैठक में मेमन समाज के अध्यक्ष अख्तर भाई ढेबर, हनीफ भाई गंज, तौहीद जादा, जुनैद भाई थारा, ऑल इंडिया मेमन जमात के रीजनल वाइस प्रेसिडेंट अय्यूब भाई पारेख, जोनल सेक्रेटरी आरिफ भाई रावानी, रायपुर मेमन समाज के पूर्व अध्यक्ष रशीद भाई मोकाती, उस्मान भाई मोकाती, जब्बार भाई गंज, अकरम भाई सलाट, हनीफ भाई उमरानी और अनीस भाई लाम्बा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
यंग मेमन कमेटी से जावेद ईशानी और मुश्ताक पटेल भी शामिल हुए। बिलासपुर मेमन समाज के अध्यक्ष जहांगीर भाभा सहित अन्य सदस्य भी बैठक में पहुंचे।
वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म्स में होगा आयोजन
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन के अध्यक्ष इकबाल मेमन ऑफिसर, ऑल इंडिया यंग मेमन विंग के अध्यक्ष इमरान भाई फ्रूटवाला सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। अफ्रीका, दक्षिण अफ्रीका, पूर्वी अफ्रीका, दुबई, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप और बांग्लादेश से करीब 12 प्रतिनिधियों के पहुंचने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा देशभर से 500 से अधिक मेमन समाज के अध्यक्ष और सचिवों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों ने रायपुर और छत्तीसगढ़ के मेमन समाज के सदस्यों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है। सम्मेलन में समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और आपसी संपर्क बढ़ाने पर जोर रहेगा। आयोजन 26 और 27 सितंबर को वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म्स में होगा।














