उत्तर प्रदेश में 9 दिनों से बारिश नहीं हुई, लेकिन बांधों से छोड़े गए पानी के कारण 11 जिलों में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं। लखनऊ के 40 हजार घरों में गोमती नदी का पानी घुस गया। 10 हजार लोग सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। गोमती रिवर फ्रंट को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
बिहार में 6 जिलों के करीब 466 गांवों में बाढ़ हैं। करीब 8 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। 92,730 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। सारण में सबसे ज्यादा 3.55 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और 44 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद दिन में गर्मी और रात में ठंड बढ़ गई है। पिछले 3 दिनों में रात का तापमान 4°C तक गिरा है। अमरकंटक में तापमान 16°C और इंदौर में 18°C पहुंच गया। मौसम विभाग ने 7 से 9 अक्टूबर के बीच 14 शहरों में बारिश का अनुमान जताया है।
राजस्थान में भी मानसून की विदाई के बाद गर्मी बढ़ गई है। रविवार को पिलानी में तापमान 41°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में दिन के समय तेज गर्मी रही।

















