छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के बीच एयर गन से पक्षियों का शिकार करने का मामला सामने आया है। रायगढ़ वन मंडल की उड़नदस्ता टीम ने महापल्ली गांव के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा है। उनके कब्जे से एयर गन, गोली और शिकार किए गए तीन मृत पक्षी बरामद किए गए हैं। इनमें पड़की और टिटहरी शामिल हैं।
वन विभाग के अनुसार, वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि महापल्ली क्षेत्र में दो युवक एयर गन लेकर पक्षियों का शिकार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही रायगढ़ वन मंडल की उड़नदस्ता टीम मौके के लिए रवाना हुई।
टीम ने महापल्ली रोड पर दो युवकों को एयर गन लेकर शिकार करते देखा। वनकर्मियों ने उन्हें रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से एयर गन, गोलियां और तीन मृत पक्षी बरामद हुए। वन अमले ने सभी सामान जब्त कर लिया।
दोनों युवकों से पूछताछ जारी
पकड़े गए युवकों की पहचान उद्धव राठिया (28) और दया सागर निषाद (20), निवासी महापल्ली के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर वन विभाग की टीम पूछताछ कर रही है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है














