देश के ज्यादातर राज्यों से मानसून लौट चुका है। हालांकि, मध्य प्रदेश के 9 जिलों में चक्रवात के असर के चलते अगले 4 दिन बारिश होने का अनुमान है। वहीं, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, बिहार, यूपी, हिमाचल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में बारिश की संभावना है।
यूपी के बाराबंकी, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में सोमवार रात आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। आंधी से पेड़-बिजली के पोल गिर गए। फसलों को भी नुकसान हुआ। पहाड़ों पर बारिश के बाद 10 नदियां उफान पर हैं और लखनऊ-सीतापुर समेत 11 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 8वें दिन बढ़ रहा है।
फैजुल्लागंज में करीब 40 हजार घरों में 4-5 फीट पानी भर गया है। बाढ़ का पानी मां चंद्रिका देवी मंदिर और हनुमंत धाम परिसर में भी पहुंच गया। लेटे हनुमान मंदिर के गर्भगृह में करीब 20 साल बाद पानी पहुंचा है। इससे पहले 2006 में ऐसी स्थिति बनी थी।
बिहार में 6 जिलों के करीब 466 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ से करीब 8 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। करीब 92,730 बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सारण में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर है। यहां करीब 3.55 लाख लोग प्रभावित हैं।

















