छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आर्केस्ट्रा देखने जा रही नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप की वारदात हुई है। 4 लड़कों ने छात्रा और उसकी सहेली को आर्केस्ट्रा स्थल तक छोड़ने का झांसा देकर लिफ्ट दिया। दोनों को बाइक और स्कूटी में बैठाया गया।
सहेली को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा दिया गया, लेकिन दूसरी लड़की को सुनसान जगह पर ले गए, वहां चारों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद फरार हो गए। हालांकि, पुलिस सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, 5 अक्टूबर की रात लुंड्रा में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। 2 नाबालिग छात्राएं पैदल कार्यक्रम देखने जा रही थीं। रास्ते में बाइक और स्कूटी सवार 4 लड़कों ने दोनों को कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने की बात कही। एक छात्रा बाइक और दूसरी स्कूटी पर बैठ गई।
आरोपियों ने बाइक पर बैठी छात्रा को लुंड्रा पहुंचा दिया। वहीं, स्कूटी पर बैठी छात्रा को आरोपी कार्यक्रम स्थल पर ले जाने के बजाय सुनसान जगह पर ले गया। इसके बाद उसने फोन कर अपने साथियों को भी बुला लिया।
थाने में दर्ज कराई FIR
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों ने नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप किया। इसके बाद फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन घटना के अगले दिन लुंड्रा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
एक आरोपी नाबालिग, सभी हिरासत में
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने अगासी से 3 आरोपियों को हिरासत में लिया। एक आरोपी फरार था, जिसे देर रात पकड़ लिया गया। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनका मेडिकल कराया जा रहा है। इस मामले में लुंड्रा पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













