‘टिप टिप बरसा पानी…’, ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त…’ और ‘अंखियों से गोली मारे…’। 90 के दशक में इन गानों ने रवीना टंडन को लाखों दिलों की धड़कन बना दिया था। पर्दे पर उनकी अदाओं के दीवाने थे, उनकी खूबसूरती के चर्चे थे और उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस घंटों इंतजार करते थे।
लेकिन जिस रवीना पर एक दौर में पूरा जमाना फिदा था, उनकी अपनी मोहब्बत की कहानी इतनी आसान नहीं थी। बचपन में कभी जिस लड़के को पसंद किया, उसने चोटी खींचकर मोटा कह दिया। बचपन का क्रश ऋषि कपूर किसी और के हो गए, तो रवीना उनकी शादी में मुंह फुलाए घूमती रहीं। बड़े होकर अजय देवगन के साथ रिश्ते को लेकर ऐसी बयानबाजी हुई कि मामला सार्वजनिक विवाद बन गया। फिर अक्षय कुमार से सगाई हुई, शादी की तैयारियां भी शुरू हो गईं, लेकिन रिश्ता मंजिल तक नहीं पहुंचा।













