मध्यप्रदेश में भाजपा सोशल मीडिया पर अपनी पकड़ मजबूत करने और संगठन के डिजिटल अभियानों को प्रभावी बनाने की रणनीति पर सोमवार को मंथन करेगी।
इसके लिए 26 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोशल मीडिया विभाग की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव बिप्लब देब सहित संगठन के वरिष्ठ नेता सोशल मीडिया पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।
कार्यशाला में प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक सोशल मीडिया विभाग की टीम शामिल होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों व सह प्रभारियों तथा जिला संयोजकों और सह संयोजकों को संगठन के डिजिटल अभियानों, सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के तौर-तरीकों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे शुरू होगा।













