छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव मनाया जाएगा। राज्य शासन ने कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। अलग-अलग जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
इस बार राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रमों में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 अक्टूबर को मुख्य अतिथियों के निर्धारण का आदेश जारी किया है। जिला प्रशासन को मुख्य अतिथियों से परामर्श कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और आयोजन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिलासपुर में अरुण साव, दुर्ग में विजय शर्मा होंगे मुख्य अतिथि
आदेश के मुताबिक, जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।
रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा में रामविचार नेताम, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन और जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वहीं, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। बीजापुर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी दी गई है।
सांसदों को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी
बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में चिंतामणि महाराज और महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, दंतेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेंद्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वहीं, कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े, मुंगेली में पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चंद्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। कोंडागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी और बस्तर में किरण देव को मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी दी गई है।
















