दिवाली के दौरान देश के कई शहरों में पटाखों के कारण आग लगने और हादसों की घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए और कुछ के लापता होने की खबर है।
राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता हैं। आग की चपेट में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन भी जल गए। वहीं, दिल्ली के नरेला में रॉकेट पटाखा पेट में लगने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई।
जम्मू के नेहरू मार्केट में आग से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ की दुकान में आग लगने से करीब 20-25 लाख रुपए का नुकसान हुआ। दुकान मालिक ने पटाखे फेंककर आग लगाने का आरोप लगाया है।
नागपुर में टीवीएस शोरूम में आग लगने से कई दोपहिया वाहन जल गए। सिक्किम के गंगटोक में सरकारी आवास और महाराष्ट्र के ठाणे में 17 मंजिला बिल्डिंग में आग लगी। ठाणे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

















