
राजनांदगांव : कोरोना से सुरक्षा के लिए कोरोना प्रोटोकाल का पालन करें : कलेक्टर
जिले में लॉकडाउन के रहे सकारात्मक प्रभाव
ठेले, गुमटी के माध्यम से चाय-नाश्ता, गुपचुप, चाट, पानठेला एवं फास्ट फूड का विक्रय करने वाले व्यवसायी शाम 5 बजे तक देंगे पार्सल सुविधा
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा
कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि जिले में कंटेनमेंट जोन घोषित करने के प्रतिबंधात्मक आदेश में आज संशोधन किया गया है। जिले में लॉकडाउन के सकारात्मक प्रभाव रहे हैं और कोरोना पॉजिटिव दर में कमी आई है। जिले में सभी व्यवसायिक संस्थानों का संचालन प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा। शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी गतिविधियां बंद रहेंगी। ठेले, गुमटी के माध्यम से चाय-नाश्ता, गुपचुप, चाट, पानठेला एवं फास्ट फूड का विक्रय करने वाले व्यवसायी शाम 5 बजे तक पार्सल सुविधा दे सकेंगे, दुकान पर ग्राहकों को बैठाकर नहीं खिलाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के साप्ताहिक बाजार पर पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि आंशिक संशोधन करते हुए हालांकि दुकानों को खोलने की छूट दी गई है, लेकिन निर्धारित समय पर दुकानें बंद होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि के बाद दुकानें खुली होने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान जिले की सभी सीमाएं पूर्णत: सील रहेंगी। कोरोना की जांच के लिए सैम्पलिंग बढ़ाने के निर्देश उन्होंने दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि राहत देते हुए नागरिकों के लिए बाजार खोला गया है। सभी की जिम्मेदारी है कि मास्क लगाने, दो गज की दूरी का पालन एवं अन्य जरूरी कोरोना प्रोटोकाल का पालन करें। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है, इसके दृष्टिगत रखते हुए पूरी तैयारी रखें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अजीत वसंत, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम श्री मुकेश रावटे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती लता उर्वशा, डिप्टी कलेक्टर श्री विरेन्द्र सिंह, श्री राहुल रजक, सीएसपी श्री लोकेश देवांगन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल कुमरे, ई-जिला प्रबंधक श्री सौरभ मिश्रा, शासकीय मेडिकल कालेज से श्री अविन चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











