
SIR Draft List Today: ड्राफ्ट मतदाता सूची आज होगी जारी, अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर हमला
एसआईआर ड्राफ्ट मतदाता सूची आज जारी होगी। विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि मृत और पलायन कर चुके मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, कांग्रेस ने कोई ठोस आपत्ति नहीं की।
SIR ड्राफ्ट लिस्ट आज होगी जारी, कांग्रेस ने कोई ठोस आपत्ति नहीं की: विधायक अजय चंद्राकर
रायपुर। आज जारी होने वाली एसआईआर (Special Intensive Revision) ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की ड्राफ्ट लिस्ट आज जारी की जा रही है, जिसमें मृत मतदाताओं और पलायन कर चुके लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया 100 प्रतिशत छत्तीसगढ़ में ही संपन्न हुई है।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस ने अपने स्वभाव के अनुरूप इस प्रक्रिया पर कोई ठोस आपत्ति दर्ज नहीं कराई, जबकि निर्वाचन आयोग द्वारा पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है।
24 दिसंबर के छत्तीसगढ़ बंद पर भी दिया बयान
सर्व आदिवासी समाज द्वारा 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद के आह्वान को लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि धर्मांतरण के जरिए भारतीय संस्कृति और बस्तर पर सुनियोजित हमला किया जा रहा है। इसके पीछे विदेशी ताकतों और अंतरराष्ट्रीय साजिश का हाथ होने का आरोप उन्होंने लगाया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर विरोध होना स्वाभाविक है, क्योंकि बस्तर और आदिवासी समाज अपनी परंपरा और संस्कृति के संरक्षण को लेकर सजग है। समाज को समय रहते धर्मांतरण की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
विधायक ने यह भी कहा कि अशिक्षा और पिछड़ेपन के कारण धर्मांतरण की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार
दुर्ग में आयोजित एक राज्य स्तरीय सम्मेलन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए बयान—
“मुगल शासन में भी हिंदू कभी खतरे में नहीं थे, बीजेपी और आरएसएस डर फैलाकर चुनाव जीतते हैं”
पर विधायक अजय चंद्राकर ने तीखा पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को बयान देने से पहले इतिहास पढ़ना चाहिए। विधायक ने फारूक अब्दुल्ला, मोहम्मद अली जिन्ना और लियाकत अली खान के उदाहरण देते हुए कहा कि कश्मीर की डेमोग्राफी कैसे और क्यों बदली, इस पर अध्ययन के बाद ही बहस होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तथ्य और संदर्भ के बयान देना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।










