Advertisement

बलरामपुर: जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन, मंत्री रामविचार नेताम ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन, मंत्री रामविचार नेताम ने विजेताओं को किया सम्मानित

बलरामपुर, 12 फरवरी 2026।जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का समापन समारोह आदिम जाति विकास तथा कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 10 से 12 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय इस खेल महोत्सव ने ग्रामीण एवं शहरी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान किया।

मंत्री श्री नेताम ने स्वयं खेल मैदान में जाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शंकरगढ़ एवं बलरामपुर के मध्य बालिका रस्साकसी प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका मनोबल बढ़ाया। इस दौरान तीरंदाजी प्रतियोगिता का अवलोकन करते हुए स्वयं भी तीरंदाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समापन अवसर पर उन्होंने जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

आदिवासी अंचल की प्रतिभाओं को मिला मंच – रामविचार नेताम

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि विकासखंड से लेकर जिला स्तर तक सरगुजा ओलंपिक का बेहतर एवं व्यवस्थित आयोजन किया गया है। यह पहल खेल प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से विशेष रूप से आदिवासी अंचल के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिला है। चयनित खिलाड़ियों को उन्होंने निरंतर अभ्यास कर संभाग एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

Gemini_Generated_Image_fohysbfohysbfohy
WhatsApp-Image-2026-03-12-at-6.48.17-PM-1-298x300 (1)
sjjj

खिलाड़ियों ने तीन दिन दिखाया दमखम – कलेक्टर राजेन्द्र कटारा

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने कहा कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। विकासखंड स्तर पर हुई प्रतियोगिताओं के बाद चयनित खिलाड़ियों ने जिला स्तर पर उत्कृष्ट खेल कौशल और दमखम का प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

67 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग

गौरतलब है कि शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के नेतृत्व में सरगुजा ओलंपिक का सफल आयोजन किया गया। जिले भर से 67,380 पंजीकृत प्रतिभागियों ने इस खेल उत्सव में भाग लिया।

12 खेल विधाओं में हुआ आयोजन

जिला स्तरीय ओलंपिक में कुल 12 खेल विधाओं का आयोजन किया गया, जिसमें—
व्यक्तिगत खेल:
एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती, कराटे

दलीय खेल:
फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, बास्केटबॉल

प्रतियोगिताएं जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष) एवं सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक) में आयोजित की गईं।

ये रहे प्रमुख अतिथि

समापन समारोह में पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानूप्रकाश दीक्षित, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव, जिला खेल अधिकारी मारकूस कुजूर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

 

file_0000000093d882119d122d54d9d757b5
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.12.06
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.38
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.39 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.40
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.50.40 (1)
WhatsApp-Image-2026-08-15-at-00.21.47