दिल्ली पुलिस की शाहदरा स्पेशल स्टाफ ने फर्जी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट और सर्टिफिकेट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लैपटॉप, प्रिंटर, दो फर्जी मार्कशीट और दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 30 जून को सूचना मिली थी कि शाहदरा का रहने वाला नवनीत त्यागी फर्जी सर्टिफिकेट और मार्कशीट तैयार कर बेचता है। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने एक जवान को ग्राहक बनाकर आरोपी से संपर्क कराया। आरोपी को व्हाट्सऐप पर फोटो, 10वीं की मार्कशीट और आधार कार्ड भेजकर फर्जी 12वीं की मार्कशीट बनवाने की बात की गई।
इसके बाद पुलिस ने शाहदरा के जीटी रोड स्थित विकास मॉल के पास छापा मारकर नवनीत त्यागी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 10वीं और 12वीं की दो फर्जी मार्कशीट मिलीं। पूछताछ में दो अन्य आरोपी सबाब आलम और फरीद अहमद सैफी के नाम सामने आए। दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का दावा है कि तीनों ने करीब 100 से 150 फर्जी 10वीं-12वीं के सर्टिफिकेट और मार्कशीट बेचने की बात कबूल की है। वे एक दस्तावेज के बदले 5 हजार से 10 हजार रुपए लेते थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ‘ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान’ के समाप्त हो चुके रजिस्ट्रेशन का दुरुपयोग कर पिछली तारीखों के सर्टिफिकेट और मार्कशीट जारी कर रहे थे।















