संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को संसद भवन परिसर में NDA और विपक्ष आमने-सामने आ गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इंडिया ब्लॉक के सांसदों के सामने NDA के सांसद भी विरोध प्रदर्शन में उतर गए। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। NDA सांसद पीएम आवास के बाहर 21 जुलाई को राहुल के धरने का विरोध कर रहे हैं।
वहीं इंडिया ब्लॉक नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। संसद के भीतर भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। इसके कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।















