भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने अमेरिका में खेले जा रहे सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज चेस टूर्नामेंट के रैपिड में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने 18 संभावित पॉइंट्स में से 12 पॉइंट्स जुटाकर 1 पॉइंट की बढ़त बनाई। अब खिताब का फैसला 18 ब्लिट्ज मैचों से होगा। इस प्रदर्शन से साल के अंत में होने वाले ग्रैंड चेस टूर फाइनल में जगह बनाने की उनकी उम्मीदें भी मजबूत हुई हैं।
आखिरी राउंड में हार, फिर भी बढ़त बरकरार
रैपिड सेक्शन के नौवें और अंतिम राउंड में प्रज्ञानानंदा को नीदरलैंड्स के जोर्डन वान फोरीस्ट से हार मिली। इसके बावजूद वह 12 पॉइंट्स के साथ टॉप पर बने रहे। रैपिड सेक्शन में उन्होंने 4 मैच जीते, 4 ड्रॉ खेले और सिर्फ एक मुकाबला गंवाया।
सिंजारोव और वेस्ली सो संयुक्त दूसरे स्थान पर उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंजारोव और अमेरिका के वेस्ली सो 11-11 पॉइंट्स के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। सिंजारोव इसी साल होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के डी गुकेश को चुनौती देंगे।













