मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार सुबह लैंडस्लाइड हुआ। यहां 2-3 घरों पर पहाड़ी का हिस्सा खिसककर गिर गया। बड़े-बड़े पत्थरों और मलबे की चपेट में कई लोग आ गए।
अब तक 8 लोगों को निकाला गया है, जिनमें 4 की मौत हो गई। 4 लोग घायल हैं। अब भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। हालांकि, सही संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है।
BMC के अधिकारियों के मुताबिक, संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी समय लग रहा है। जगह कम होने के कारण भारी मशीनरी को घटनास्थल तक ले जाना संभव नहीं है।
मलबा हटाने के लिए व्रेकर की मदद ली जा रही है और इसके बाद उसे बाल्टियों से हाथ से हटाया जा रहा है। मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए रेस्क्यू टीम स्पेशल विक्टिम-डिटेक्शन कैमरों की मदद ले रही है।

















