दिल्ली में 21 साल की मॉडल मुस्कान की हत्या का आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान पुलिस एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार रात वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ की टीम ने उसे घेरा तो इमरान ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 26 साल का इमरान बुधवार शाम मुस्कान के घर पहुंचा था। उस वक्त 21 साल की मुस्कान घर में अकेली थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद इमरान ने चाकू से मुस्कान पर कई वार किए और फरार हो गया। गंभीर हालत में मुस्कान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

















