मणिपुर के सेनापति जिले के कलेंजांग गांव में मुखिया के घर में मौजूद लोगों पर हथियारबंद हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में दो नगा लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना शनिवार दोपहर को हुई।
मृतकों की पहचान रॉकी माओ और कुमार पुमई के रूप में हुई है। घायलों की पहचान अदानी मैनियो और आशिहो सानी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय सूत्रों ने हमले के पीछे कुकी समुदाय के सदस्यों का हाथ होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। हमलावरों की पहचान को लेकर भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सीएम खेमचंद सिंह ने इस हत्या को निर्दोष लोगों के खिलाफ कायरतापूर्ण हिंसा बताया। सितंबर में चार जिलों में हुई अलग-अलग गोलीबारी में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय संगठनों के मुताबिक, फरवरी से अब तक कम से कम 50 आम नागरिक मारे जा चुके हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

















