हरिद्वार के IIT रुड़की परिसर में ‘थॉमसो’ शो के दौरान नाबालिग से छेड़छाड़ की गई है। यह घटना सिंगर जावेद अली के शो के दौरान हुई। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने नाबालिग के मोबाइल फोन को छीनकर फेंक दिया और उसके भाई के साथ धक्का-मुक्की की। IIT के सुरक्षा गार्ड को अपनी ओर आता देख आरोपी वहां से चले गए।
आरोप है कि रात करीब 11 बजे जब भाई-बहन परिसर से बाहर निकले, तो गेट नंबर 8 के पास होटल पोलारिस के नजदीक आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद नाबालिग के भाई के साथ मारपीट की गई। इस दौरान नाबालिग के साथ भी अश्लील हरकतें की गईं। आरोपियों ने उसे पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसका हाथ पकड़कर खींचा।
दोनों के शोर मचाने पर आरोपी भागने लगे। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हमले में घायल भाई को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।













