मंदसौर के शामगढ़ में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिला से 7.5 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े नौवें आरोपी वासील सिद्दिकी को उत्तरप्रदेश के हरदोई से रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने गिरोह को आगरा और फिरोजाबाद के म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराए थे। बता दें कि इससे पहले बिहार के छह मुख्य आरोपियों सहित भोपाल के दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के तार पाकिस्तान और नेपाल से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी टोनी कुमार और उसके साथी शिवम गुप्ता की मुलाकात नेपाल के वीरगंज और काठमांडू के कैसीनो में हुई थी। इसके बाद महंगे शौक पूरे करने के लिए साइबर ठगी का नेटवर्क खड़ा किया गया।













