कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाजपा की ‘एक्सपायरी डेट’ नजदीक आने के बयान पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। शिवराज ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा, “99 बार जो अपनी लॉन्चिंग के क्वालिटी चेक में ही फेल हो गए, वो बीजेपी की एक्सपायरी डेट बता रहे हैं।” उन्होंने भाजपा को केवल राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का महायज्ञ बताया। शिवराज ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के भरोसे को भी रेखांकित किया।
राहुल ने क्या कहा था, जिस पर शिवराज ने दिया जवाब?
राहुल गांधी ने 18 अक्टूबर को गोवा के मडगांव में सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि वोट चोरी की योजना मोदी बनाते हैं, अमित शाह उसे लागू कराते हैं और ज्ञानेश कुमार उसे अंजाम देते हैं।
इसी राजनीतिक हमले के दौरान राहुल ने भाजपा की ‘एक्सपायरी डेट’ नजदीक आने की बात कही थी। उनका बयान भाजपा के भविष्य और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्रित था। राहुल के आरोपों पर भाजपा नेताओं की ओर से पलटवार किया जा रहा है।













