बिलासपुर में दीपावली पर मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए जिला प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को न्यू दिल्ली स्वीट्स, श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन समेत शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान संदेह के आधार पर खोवा और बेसन के लड्डू के सैंपल लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के तहत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
वहीं, श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन से बेसन लड्डू और खोवा के सैंपल लिए गए। इसके अलावा विनायक मावा फर्म और मनोज गुप्ता से भी खोवा के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
साफ-सफाई और भंडारण में मिली कमियां
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में कमियां मिलीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इन कमियों पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी करने की अनुशंसा अभिहित अधिकारी को भेजी है।
इसके तहत प्रतिष्ठानों को तय खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार व्यवस्थाओं में सुधार करना होगा।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ जांच अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, सभी सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
जांच रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।















