
छत्तीसगढ़ कॉमन्स कंवीनिंग: नवा रायपुर में प्राकृतिक संसाधन संरक्षण पर मंथन
नवा रायपुर में 9-10 अप्रैल को 'छत्तीसगढ़ कॉमन्स कंवीनिंग' का आयोजन। मंत्री रामविचार नेताम और मुख्य सचिव विकास शील साझा प्राकृतिक संसाधनों के सुशासन और जनजातीय नीति पर करेंगे संवाद। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
नवा रायपुर में साझा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर “छत्तीसगढ़ कॉमन्स कंवीनिंग” का दो दिवसीय आयोजन
प्राकृतिक संसाधनों के सुशासन और सामुदायिक प्रबंधन को नई दिशा देने के लिए नवा रायपुर में 9 और 10 अप्रैल को विशेषज्ञों का बड़ा समागम होने जा रहा है।
रायपुर: साझा प्राकृतिक संसाधनों (कॉमन्स) के सुशासन और सामुदायिक संरक्षण पर केंद्रित दो दिवसीय “छत्तीसगढ़ कॉमन्स कंवीनिंग” का भव्य आयोजन कल से नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में किया जाएगा। यह कार्यक्रम सबेरे 10ः30 बजे से शुरू होगा।
यह महत्वपूर्ण आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के जनजातीय विकास विभाग के सहयोग से “प्रॉमिस ऑफ कॉमन्स” पहल के अंतर्गत विभिन्न साझेदार संस्थाओं द्वारा किया जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में नीति-निर्माता, सामाजिक कार्यकर्ता, सामुदायिक प्रतिनिधि, शोधकर्ता और मीडिया जगत के दिग्गज शामिल होंगे।
दिग्गज हस्तियों की होगी मौजूदगी
- श्री रामविचार नेताम: आदिम जाति विकास मंत्री (समापन सत्र)
- श्री विकास शील: मुख्य सचिव (जनजातीय नीति संवाद)
- श्री सोनमणि बोरा: प्रमुख सचिव (उद्घाटन सत्र मुख्य वक्तव्य)
- पद्मश्री पांडी राम मांडवी एवं श्री जोगेश्वर यादव: विशेष अतिथि
- श्री रामवीर तंवर: प्रसिद्ध पर्यावरणविद्
चर्चा के मुख्य विषय
सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कई महत्वपूर्ण आयामों पर मंथन किया जाएगा, जिनमें प्रमुख हैं:
- कॉमन्स का सुशासन और संस्थागत तंत्र।
- जलवायु परिवर्तन और साझा संसाधनों का प्रभाव।
- सामुदायिक संरक्षण और सांस्कृतिक आयाम।
- आजीविका और नीति समन्वय।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य साझा संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए ठोस सुझाव प्राप्त करना है, जो भविष्य में राज्य की नीतियों के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे। सामाजिक कार्यकर्ता सुश्री अश्विनी कंगे और सुश्री इंदु नेताम सहित कई अन्य क्षेत्रीय विशेषज्ञ भी अपने अनुभव साझा करेंगे।










