
वक्फ संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन में सुधार, उम्मीद पोर्टल में नया कॉलम जोड़ने का केंद्र का आश्वासन
उम्मीद पोर्टल में वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण से जुड़ी तकनीकी खामी पर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने “Gazette by Survey” कॉलम जोड़ने का भरोसा दिलाया।
वक्फ संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन में तकनीकी खामी पर केंद्र का संज्ञान, ‘उम्मीद पोर्टल’ में नया कॉलम जोड़ने का आश्वासन
भोपाल/। वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण से जुड़ी तकनीकी समस्या को लेकर उम्मीद पोर्टल में आवश्यक सुधार की मांग अब केंद्र सरकार के संज्ञान में आ गई है। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश पोर्टल में “Gazette by Survey” कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू से मुलाकात की।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भोपाल के विधायक आरिफ मसूद ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि उक्त कॉलम के अभाव में वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण में गंभीर तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे रिकॉर्ड अपडेट और सत्यापन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
इमरान प्रतापगढ़ी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने इस विषय को प्राथमिकता के साथ देखने का आश्वासन दिया है और कहा है कि तकनीकी खामी को दूर करते हुए जल्द ही यह कॉलम पोर्टल में जोड़ा जाएगा।
वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन से जुड़े लोगों का मानना है कि “Gazette by Survey” कॉलम जुड़ने से संपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ होगा, जिससे भविष्य में विवाद और प्रशासनिक अड़चनें कम होंगी।
इस पहल को वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








