Advertisement

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का भव्य आयोजन: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 1 जून को करेंगे शुभारंभ

रायपुर : छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का भव्य आयोजन: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 1 जून को करेंगे शुभारंभ

देश के 12 राज्यों सहित कंबोडिया और इंडोनेशिया के रामायण दलों की होगी प्रस्तुति

सर्वव्यापी भगवान श्रीराम की रामकथा के विविधतापूर्ण राष्ट्रीय और वैश्विक स्वरूप की मिलेगी झलक

हिन्दी के प्रख्यात कवि कुमार विश्वास ‘अपने-अपने राम म्युजिक नाईट’ में करेंगे भगवान श्रीराम की महिमा का बखान

रामकथा की बहेगी भावधारा

रामायण मंडलियों के मध्य होगी अरण्यकाण्ड पर आधारित प्रतियोगिता

लोक गायक दिलीप षड़ंगी महोत्सव में करेंगे हनुमान चालीसा का पाठ

छत्तीसगढ़ में पहली बार ‘राष्ट्रीय रामायण महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 01 जून को अपरान्ह 3 बजे रायगढ़ के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में इसका शुभारंभ करेंगे। इस राष्ट्रीय महोत्सव में देश के 12 राज्यों सहित कंबोडिया और इंडोनेशिया के रामायण दलों द्वारा रामकथा पर भक्तिपूर्ण प्रस्तुति दी जाएगी। इन रामायण दलों की प्रस्तुति में सर्वव्यापी भगवान श्रीराम की रामकथा के विविधतापूर्ण राष्ट्रीय-वैश्विक स्वरूपों की झलक देखने को मिलेगी। रामायण के अरण्य काण्ड पर रामायण दलों की प्रतियोगिता प्रतिदिन आयोजित की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कलाकार भजन संध्या में अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे। रामलीला मैदान में तीन दिनों तक रामकथा की अविरल भावधारा बहेगी। इस राष्ट्रीय महोत्सव में केरल, कर्नाटक, ओड़िसा, असम, गोवा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखण्ड, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के रामायण दल शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के अंतिम दिन हिन्दी के प्रख्यात कवि कुमार विश्वास अपनी विशेष प्रस्तुति ‘अपने-अपने राम म्युजिक नाईट’ से भगवान श्रीराम की महिमा का बखान करेंगे।

राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के शुभारंभ समारोह में पंडितों, पुरोहितों और स्थानीय कलाकारों द्वारा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाएगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में आमंत्रित विदेशी तथा अन्तर्राज्यीय कलाकारों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया जाएगा। ‘‘राष्ट्रीय रामायण महोत्सव‘‘ के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत करेंगे। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री एवं रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल, विधायक श्री लालजीत सिंह राठिया, श्री प्रकाश नायक, श्री चक्रधर सिंह, जिला पंचायत रायगढ़ के अध्यक्ष श्री निराकार पटेल, नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती जानकी काटजू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

प्रथम दिवस का आकर्षण: कंबोडिया के रामायण दल की प्रस्तुति

file_0000000093d882119d122d54d9d757b5

आयोजन के प्रथम दिवस दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक जसगीत गायक देवेश शर्मा प्रस्तुति देंगे। शाम 4.30 बजे से 5 बजे तक कंबोडिया के दल द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद शाम 5.15 बजे अन्तर्राज्यीय रामायण मंडलियों के मध्य अरण्यकाण्ड पर आधारित प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्तराखंड, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ के दल हिस्सा लेंगे। भजन संध्या में रात्रि 7.30 बजे से 9 बजे तक ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय कलाकार सण्मुख प्रिया (इंडिययन आइडल) तथा रात्रि 9 बजे से 10.30 बजे तक ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय कलाकार शरद शर्मा (सा रे गा मा) द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।

दूसरे दिन का आकर्षण: बाबा हंसराज रघुवंशी और लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुति

राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के दूसरे दिन का मंचीय कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा, संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे तथा स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में दोपहर 2.15 बजे हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा तथा दोपहर 2.30 से रात्रि 8.30 बजे तक आयोजित अरण्यकाण्ड पर आधारित प्रतियोगिता में 8 राज्यों झारखण्ड, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, असम, ओड़िसा, हिमाचल प्रदेश, गोवा और छत्तीसगढ़ के दल हिस्सा लेंगे। भजन संध्या में रात्रि 8.30 बजे से 9.30 बजे तक ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय कलाकार बाबा हंसराज रघुवंशी तथा रात्रि 9.30 बजे से 10.30 बजे तक लखबीर सिंह लक्खा भजनों की प्रस्तुति देंगे।

तीसरे दिन का आकर्षण: इंडोनेशिया के रामायण दल की प्रस्तुति

राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के तीसरे दिन समापन समारोह का आयोजन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत करेंगे। महोत्सव के तीसरे दिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक अरण्यकाण्ड पर आधारित प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 4 राज्य केरल, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के दल हिस्सा लेंगे। शाम 6 बजे से 6.30 बजे तक कंबोडिया के दल द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 6.30 बजे 7 बजे तक केलो महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें महिला स्व-सहायता समूह की बहनें गोबर निर्मित दिये से दीपदान करेंगी। रात्रि 7 बजे से मंचीय कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाएगा। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का समापन समारोह रात्रि 7.30 बजे से 8.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता दलों को पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही विदेशी कलाकारों और प्रतियोगिता के निर्णायकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर विजेता दलों और विदेशी कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 8.30 बजे से 9 बजे तक इंडोनेशिया के दल की प्रस्तुति होगी। भजन संध्या में रात्रि 9 बजे से 9.30 बजे तक ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय कलाकार मैथिली ठाकुर तथा 9.30 बजे से 10 बजे तक ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय कलाकार कुमार विश्वास द्वारा ‘अपने-अपने राम म्युजिक नाईट’ की प्रस्तुति दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ के लोक गायक श्री दिलीप षड़ंगी अपनी टीम के साथ महोत्सव के तीनों दिन हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इसके साथ ही साथ प्रतिदिन रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

ChatGPT Image Jul 20, 2026, 05_14_44 PM
ChatGPT Image Jul 20, 2026, 05_53_50 PM
ChatGPT Image Jul 20, 2026, 06_08_26 PM
ChatGPT Image Jul 20, 2026, 06_16_13 PM
ChatGPT Image Jul 20, 2026, 06_22_41 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.12.06
WhatsApp Image 2026-08-14 at 23.16.05