
रायपुर में शहीद शिरोमणि गेंदसिंह के 201वें श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शहीद शिरोमणि गेंदसिंह के 201वें श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए। उन्होंने 1825 में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले इस जनजातीय वीर को नमन किया।
रायपुर,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित शहीद शिरोमणि गेंदसिंह जी के 201वें श्रद्धांजलि समारोह में सम्मिलित हुए और छत्तीसगढ़ के प्रथम अमर शहीद को भावपूर्ण श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने वीर शहीद गेंदसिंह जी के बलिदान को नमन करते हुए उनके संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज के वीर योद्धा गेंदसिंह जी ने वर्ष 1825 में अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष कर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीद गेंदसिंह जी का योगदान छत्तीसगढ़ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के लिए संघर्ष करने वाले जनजातीय वीरों को लंबे समय तक वह सम्मान नहीं मिल पाया, जिसके वे वास्तविक हकदार थे। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आज जनजातीय समाज को देशभर में मान-सम्मान और पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति और बलिदानों को संरक्षित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि देश के हर नागरिक को इन वीर विभूतियों के योगदान की जानकारी मिल सके।
श्रद्धांजलि समारोह में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनजातीय समाज के लोग और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।









