दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा ए/एच1एन1 के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग संक्रमण को लेकर निगरानी के साथ जरूरी नियंत्रण की कार्रवाई कर रहा है। 5 सितंबर को जिले में स्वाइन फ्लू के 7 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। सभी मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 5 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 33 मामले सामने आए हैं। इनमें से 16 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं। 9 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 7 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, फिलहाल सभी एक्टिव मरीजों की हालत सामान्य है। सभी मरीजों की नियमित निगरानी की जा रही है। अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है, वहीं होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों के स्वास्थ्य पर भी विभाग नजर रख रहा है। नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं।
मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नया पॉजिटिव मरीज मिलने पर उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी भी निगरानी की जा रही है। संबंधित लोगों के स्वास्थ्य की नियमित जानकारी ली जा रही है।
विभाग का फोकस नए मरीजों की समय पर पहचान करने के साथ संक्रमण को फैलने से रोकने पर है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों और उनके संपर्क में आए लोगों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं।
लक्षण दिखने पर समय पर लें चिकित्सकीय सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विभाग ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।

















