राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 20 सितंबर 2026 को सब-इंस्पेक्टर/ प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 का आयोजन होगा। सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के री-एग्जाम में 2.18 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए 11 जिलों में 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों के लिए 17 सितंबर को एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिसके बाद वे परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी देख सकेंगे।
परीक्षा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए RPSC अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह की अध्यक्षता में पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई।
अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या डमी अभ्यर्थी बैठाने के प्रयास को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

















