छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की ग्राम मिरौनी में पदस्थ एक टीचर पर बैड टच का आरोप लगा है। चंद्रपुर तहसील के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली क्लास 5th की बच्ची ने आरोप लगाया कि टीचर कैलाश पटेल कॉपी चेक कराने के समय गंदे तरीके से छूते हैं और महिला स्वीपर के साथ बाथरूम में घुसे रहते हैं।
पढ़ाई के बजाय अक्सर मोबाइल में बिजी रहने का आरोप भी कैलाश पटेल पर लगा है। बच्ची के परिवार वालों ने कलेक्टर और DEO से लिखित शिकायत की है। जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि टीचर कैलाश पटेल स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। स्कूल टाइम में अक्सर मोबाइल फोन में बिजी रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक के इस रवैये से स्कूल की पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
शिकायत में स्कूल में पदस्थ स्वीपर महिला के साथ शिक्षक के गलत व्यवहार को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। ग्रामीणों ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।
5वीं की छात्रा ने बैड टच का आरोप लगाया
5वीं की छात्रा ने कहा कि जब हम टीचर को पढ़ाने के लिए कहते हैं तो हमें डांट देते हैं। उन्होंने कई बार गलत तरीके से टच भी किया। हालांकि, आरोप की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों ने जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।













