रायपुर में ढेबर परिवार को बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने अनवर ढेबर और एजाज ढेबर का नाम लेकर धमकाया। फिर 50 करोड़ रुपए की मांग की है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि, ढेबर परिवार के एक कर्मचारी को फोन कर आरोपी ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने कहा कि फोन कॉल की जांच की जा रही है। मामला सिविल लाइन थाना इलाके का है।
पुलिस की टीम धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और कॉल से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, फोन किस जगह से किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं?
पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और बाकी टैक्टिकल सबूतों की जांच कर रही है। साथ ही परिवार से भी घटना को लेकर जानकारी ली जा रही है। फिलहाल, पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि, धमकी देने वाला वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या फिर गैंग का नाम लेकर परिवार को डराने की कोशिश की गई।
रंजिश या किसी दूसरे विवाद की भी जांच
इसके अलावा व्यक्तिगत रंजिश या किसी दूसरे विवाद की संभावना को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, तकनीकी जांच के आधार पर धमकी देने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में सबूत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ढेबर परिवार की सुरक्षा और धमकी की गंभीरता को लेकर भी पुलिस हर स्तर पर जानकारी जुटा रही है।














