बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम बन रहा है, जिसके मंगलवार तक चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है। बांग्लादेश ने इसका नाम ‘अर्नब’ रखा है। इससे पश्चिम बंगाल, बिहार, मध्य प्रदेश समेत आठ राज्यों में आंधी-बारिश होने की आशंका है।
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में तीस्ता नदी में बह रहे हाथी के बच्चे को मछुआरों ने बचा लिया। गजोल्डोबा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद बच्चा तेज बहाव में बह रहा था। मछुआरों ने दो नावों से करीब 4 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। हाथी को नाव में बैठाकर किनारे तक लाए और दूसरे बड़े हाथी के पास छोड़ दिया।
उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ रहा है, लेकिन पहाड़ों पर भारी बारिश से कई नदियां उफान पर हैं। उन्नाव में सड़कों पर नाव चलानी पड़ रही है। 24 सितंबर से पश्चिमी यूपी में बारिश का अलर्ट है।14 जिलों में अभी सामान्य से कम बारिश हुई है।
राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। सोमवार को राज्य में पूरे दिन मौसम साफ रहा। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40°C रहा।

















