मुंबई पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में होने वाले प्रदर्शन को परमीशन नहीं दी। यह प्रदर्शन चुनाव आयोग (ECI) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होना था। पुलिस ने हाईकोर्ट के निर्देशों, BMC की अनुमति नहीं होने और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका का हवाला दिया।
पुलिस ने यह भी कहा कि शिवाजी पार्क साइलेंस जोन में आता है और इसके आसपास रिहायशी इलाके हैं। प्रदर्शन से ट्रैफिक जाम और आसपास के अस्पतालों तक आपातकालीन वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। आयोजकों को मुंबई में किसी दूसरे स्थान का विकल्प तलाशने की सलाह दी गई है।
उधर CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा- नागरिकों की आवाज दबाने की ऐसी कोशिशें स्वीकार्य नहीं हैं। अगर हमें प्रदर्शन करने के अधिकार से वंचित किया गया, तो CJP गांधी जयंती के दिन मुंबई में जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी।

















